मंडी में कारगिल शहीद दिवस पर मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किया 15 करोड़ रूपये की लागत से शहीद स्मारक का लोकार्पण

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

शिमला। मंडी में रविवार को शहीद स्मारक जनता को समर्पित किया गया। 15 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस शहीद स्मारक का लोकार्पण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। यह शहीद स्मारक 1962, 1965, 1971 तथा 1999 में कारगिल शहीदों को समर्पित किया गया है।  इस युद्ध स्मारक पर सभी शहीदों के नाम अंकित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस शहीद स्मारक के चरण-2 का कार्य भी शुरू किया जाएगा। सीएम ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह भी पढ़ेंः- कारगिल शौर्य दिवस पर भाजयूमो मंडल आनी ने किया पौधारोपण, देवदार के रोपे करीब 750 पौधे

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की दृढ़ इच्छा शक्ति और मजबूत नेतृत्व में भारत के सैनिकों ने कारगिल में पाकिस्तान के नापाक मंसूबों का करारा जवाब दिया। 26 जुलाई का दिन हर वर्ष संपूर्ण देश में कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का इतिहास अपने सैनिकों के पराक्रम, वीरता, शौर्य और बलिदानों के लिए जाना जाता है। कारगिल संघर्ष में देश के वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। ऑपरेशन विजय में हिमाचल के वीर जवानों ने शौर्य प्रदर्शित किया और इस दौरान प्रदेश के 52 बहादुर सैनिक शहीद हुए।
   आज तक प्रदेश के 1096 वीर सपूतों को वीरता पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। प्रदेश के 1246 वीर सपूतों ने अपनी मातृ भूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। स्वतंत्र भारत का पहला सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र प्राप्त करने वाले मेजर सोमनाथ शर्मा हिमाचल के ही थे। कारगिल युद्ध में हिमाचल प्रदेश के शहीद कैप्टन विक्रम बतरा को मरणोपरांत और राइफरमैन संजय कुमार को परमवीर चक्र प्राप्त हुआ।
   सीएम ने कहा कि कारगिल युद्ध में 52 शहीद सैनिकों के परिजनों को पांच-पांच लाख की वित्तीय सहायता के अतिरिक्त 44 शहीदों के परिवारों में से एक-एक आश्रित को सरकारी रोजगार प्रदान किया गया है। इस युद्ध में अपंग हुए सैनिकों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई है तथा नौ अपंग हुए सैनिकों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जुड़े लोगों को देश के गौरवमय इतिहास की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से समर्पित होने की शपथ दिलाई।
   सैनिक कल्याण और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकाघाट के बरच्छवाड़ में युवाओं को सेना में भर्ती के लिए राज्य स्तरीय प्री-कोचिंग अकादमी की स्थापना की जा रही है। सांसद व प्रदेश भाजपाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि हर सैनिक देश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने के लिए हमेशा तत्पर रहता है।
    प्रदेश सरकार ने सैनिकों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीर भूमि है। प्रदेश के सैनिकों ने हर युद्ध के दौरान राज्य का नाम रोशन किया है। पूर्व सैनिक निगम के अध्यक्ष ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर ने मंडी में शहीद स्मारक स्थापित करने के लिए सीएम का आभार व्यक्त किया।
Ads