वन मंडल आनी के तहत रोपे जाएंगे 2 लाख पौधे: किशोरी लाल सागर

बोले, वन और वन्य जीवन बचाना हमारा कर्तव्य, वन भूमि पर अतिक्रमण न करें

आदर्श हिमाचल ब्यूरो 
आनी। वन मंडल आनी के तहत इस साल विभिन्न किस्मों के दो लाख पौधे रोपे जाएंगे। सरकार ने इस साल 1.20 करोड़ पौधे प्रदेश भर में रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया है, उसी लक्ष्य के तहत ये पौधारोपण आनी वन मंडल के तहत भी किया जाएगा। आनी के विधायक किशोरी लाल सागर ने आज राज्य स्तरीय वन महोत्सव के मौके पर बश्ता में आयोजत वन विभाग के कार्यक्रम में ये बात कही। 41 वन मंडलों के लिए ऑनलाइन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की दूरदृष्टि और वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की लगन के कारण इस तरह का ऐसा पहला कार्यक्रम सफल हो पाया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वनों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में कोरोना काल में वन महोत्सव जैसे कार्यक्रम प्रभावित न हो, इसलिए सरकार ने ऑनलाइन 41 वन मंडलों का वन महोत्सव करने का निर्णय लिया था जो आज सफलतापूर्वक सिरे चढ़ा है। इससे प्रदेश सरकार की वनों के प्रति संवेदनशीलता साफ झलकती है।
विधायक किशोरी लाल सागर ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रदेश सरकार के पौधारोपण के लक्ष्य को सिरे चढ़ाने के लिए दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने आनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों से भी अपील की है कि वन और वन्य जीवन को बचाने के लिए आगे आएं। साथ ही वनों पर अतिक्रमण न करने और वन विभाग का सहयोग करने के लिए उन्होंने संदेश दिया।
वहीं सीएफ रामपुर बीएल नेगी ने इस मौके पर स्थानीय लोगों से वन और पर्यावरण को बचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वन के बिना मानव जीवन संभव नहीं है। डीएफओ आनी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी उपस्थित गणमान्य लोगों, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय नेताओं, चुने हुए जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम के शुरुआत में विधायक ने गणमान्य लोगों के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के विचार ऑलाइन माध्यम से सुने।
समारोह के दौरान विधायक किशोरी लाल सागर ने एपीएमसी चेयरमेन अमर ठाकुर, सीएफ रामुपर बीएल नेगी, डीएफओ लूहरी चंद्रभूषण शर्मा, मंडलाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, आरओ च्वाई तेज सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता गंगा राम चंदेल, भाजपा नेत्री अनु ठाकुर, स्थानीय भाजपा नेताओं, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों  और स्थानीय लोगों के साथ पौधारोपण भी किया। बश्ता के साइट इंचार्ज डोला सिंह ठाकुर ने इस दौरान जानकारी दी कि बश्ता में 2 हेक्टेयर भूमि पर 1 हजार पौधे रोपे जाने हैं।

30 करोड़ से बढेंगी बागा-सराहन और श्रीखंड में पर्यटन गतिविधियां

वन महोत्सव के मौके पर विधायक किशोरी लाल सागर ने कहा कि वन से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। इसलिए आनी के बश्ता में भी पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने के लिए आगामी समय में विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र के लिए फिल्हाल बागा सराहन और श्रीखंड क्षेत्र के लिए 30 करोड़ की डीपीआर तैयार की जा रही है। इसके तहत इन क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
Ads