जिला हमीरपुर में कोरोना पाॅजिटिव आए 17 लोगों में अधिकतर प्रवासी मजदूर

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

 

Ads

हमीरपुर।  वीरवार देर रात जारी मेडिकल बुलेटिन में हमीरपुर जिला में कोरोना पॉजीटिव पाए गए कुल 17 लोगों में अधिकतर प्रवासी मजदूर हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि टौणी देवी तहसील के गांव बराड़ा में 28 जुलाई को बिहार से आए 9 प्रवासी मजदूर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन सभी मजदूरों को स्थानीय पंचायत ने अलग भवन में संगरोध पर रखा था।

यह भी पढ़ेंः- विश्व के सबसे ऊंचे सड़क मार्ग पर बन रही टनल का नाम अब होगा अटल रोहतांग टनल

इनके अलावा गांव समलेहड़ा डाकघर बराड़ा की 36 वर्षीय महिला भी संक्रमित पाई गई है। वह गृह संगरोध में रह रही थी। तहसील टौणी देवी के गांव दरबियार डाकघर हिम्मर के 45 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। वह 30 जुलाई को असम से आया था और उसे संस्थागत संगरोध में रखा गया था।  नादौन में 23 वर्षीय महिला भी संक्रमित पाई गई है। वह 26 जुलाई को बिहार से आई थी और गृह संगरोध में रह रही थी। नादौन के जलाड़ी क्षेत्र के गांव हरमंदर का 31 वर्षीय व्यक्ति पॉजीटिव पाया गया है। वह 30 जुलाई को बद्दी से आया था और गृह संगरोध में था।

गांव पुतरेल के 70 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। 3 अगस्त को लुधियाना से आए इस वरिष्ठ नागरिक को गृह संगरोध में रखा गया था। तहसील बिझड़ी के गांव पंथियानी डाकघर धंगोटा का 47 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित है। वह 30 जुलाई को लुधियाना से आया था और गृह संगरोध में रह रहा था। बड़सर उपमंडल के गांव चकमोह में 30 जुलाई को चंडीगढ़ से आए एक 35 वर्षीय और इसी दिन जालंधर से आए 58 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजीटिव निकली है। ये दोनों व्यक्ति गृह संगरोध में रखे गए थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पॉजीटिव पाए गए सभी लोगों को कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है।