पार्किंग समस्या के समाधान के लिए ‘केसरी बंगला’ का किया जाए अधिग्रहण :प्रवीण कुमार शर्मा

भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी व प्रदेश सचिव प्रवीण कुमार शर्मा
भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी व प्रदेश सचिव प्रवीण कुमार शर्मा
आदर्श हिमाचल ब्यूरो 
मंडी। भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी व प्रदेश सचिव प्रवीण कुमार शर्मा ने मंडी शहर में दिनो दिन विकराल होती जा रही ट्रैफिक व पार्किंग समस्या के निदान के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को पत्र लिख कर मांग की है कि इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु शहर के केसरी बंगला’ में खाली भूमि का अधिग्रहण किया जाए और इस पर पांच मंजिला अत्याधुनिक पार्किंग काम्प्लेक्स का निर्माण किया जाए। प्रवीण शर्मा के अनुसार इस काम्प्लेक्स के ऊपर की दो  मंजिलों में शॉपिंग कॉम्लेक्स का निर्माण किया जाये इससे बेरोजगारों को रोजगार तो मिलेगा ही साथ में इस परियोजना के निर्माण के लिए आवश्यक धन भी उपलब्ध हो जाएगा।  इससे ही  सारी परियोजना का खर्च भी निकल आएगा और प्रदेश के खजाने के ऊपर कोई बोझ भी नहीं पड़ेगा।
   मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में  प्रवीण  कुमार शर्मा ने कहा कि भूमि अधिग्रहण कानून सरकार को यह अधिकार देता है कि जन उपयोग के व्यापक आवश्यकताओं को देखते हुए वह किसी भी निजी भूमि का अधिग्रहण कर सकती है।  वर्तमान समय में मंडी शहर में पार्किंग सुविधा न होना शहर की बड़ी समस्याओं में से एक है।  जिला मुख्यालय होने के कारण जिले भर से लोग आपने कार्यों हेतु  हजारों की संख्या में मंडी शहर आते हैं पार्किंग की कोई सुविधा न होने के कारण उन्हें परेशानियों रूबरू होना पड़ता है। पुलिस प्रशासन का समय भी कानून  व्यवस्था बनाये रखने के बजाय यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने में बरबाद होता है।
  प्रवीण कुमार ने कहा कि यू-ब्लॉक में पार्किंग स्थल का निर्माण सरकार का  फैसला एक सराहनीय कदम है परंतु यह पर्याप्त नहीं है  इस  समस्या के समाधान के लिए अन्य स्थानों में भी पार्किंग स्थल बनाये जाने की आवश्यकता है। इस कड़ी में ‘केसरी बंगला’ में पार्किंग काम्प्लेक्स का निर्माण एक बहुत बड़ा कदम होगा। सुनियोजित ढंग से बनाये जाने पर इस काम्प्लेक्स में एक अनुमान के अनुसार 1500 से ज्यादा गाड़ियों को पार्क किया जा सकता है।  दूसरा शहर के किनारे होने पर  शहर से ट्रैफिक की समस्या से भी स्थायी मुक्ति मिल जायेगी और जिला मुख्यालय में।कार्य हेतु आने वालों लोगों के लिए भी बहुत सहूलियत होगी
Ads