आनी और निरमंड को नगर पंचायत बनाए जाने से क्षेत्र में होगें बहुआयामी विकास – किशोरी लाल

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

आनी/कुल्लू। आनी और निरमंड को नगर पंचायत बनाए जाने से क्षेत्र का बहुआयामी विकास होगा। विधानसभा क्षेत्र में 10 नई पंचायतों के गठन से भी विकास को नई दिशा मिलेगी। आनी के विधायक किशोरी लाल ने ये बात कहते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने क्षेत्र की जरूरतों को समझते हुए जो फैसले लिए हैं वह विकास को निश्चित तौर पर नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि आनी और निरमंड को नगर पंचायत बनाना जहां समय की मांग है वहीं 10 नई पंचायतों को तर्कसंगत आधार पर बनाकर भी प्रदेश सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई है। नगर पंचायत बनने से आनी और निरमंड का विकास होगा और नई पंचायतें बनने से भी संबंधित पंचायतों के लोगों को भी लाभ होगा।

Ads

विधायक किशोरी लाल सागर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा है कि वह आनी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तत्पर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है और इसी कड़ी में खेगसू मंडी के लिए बीते दिन 71.63 लाख से पार्किंग का भी प्रावधान किया गया है। इस पार्किंग से खेगसू में किसानों-बागवानों और आढ़तियों को लाभ होगा। किशोरी लाल सागर ने कहा है कि आगामी समय में भी आनी उपमंडल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में कई विकास कार्यों को सिरे चढ़ाया जाएगा।